हिंदी
दुल्हन ने मंडप में दूल्हे को पहचानने से किया इनकार फोटो सोर्स- Google
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया चैटिंग के जरिए शुरू हुआ प्रेम संबंध शादी तक पहुंच गया, लेकिन बारात पहुंचते ही पूरा मामला उलझ गया। दुल्हन ने मंडप में बैठे दूल्हे को पहचानने से इनकार कर दिया और कहा, “यह मेरा राहुल नहीं है।” इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया और मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के अनुसार, शाहाबाद क्षेत्र के एक कस्बे की रहने वाली करीब 25 वर्षीय युवती की कई महीनों पहले सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक से बातचीत शुरू की। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने खुद को “राहुल” #निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश बताया था और शादी का भरोसा देकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। युवती के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय तक लगातार बातचीत होती रही और इसी दौरान युवक ने उससे लाखों रुपये भी ठग लिए।
दूल्हे को देखते ही बड़ा खुलासा
बताया जा रहा है कि युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने की बात कही गई। तय कार्यक्रम के अनुसार शाहाबाद क्षेत्र में युवती के घर बारात पहुंची। परिवार और आसपास के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन तभी दुल्हन ने दूल्हे को देखते ही बड़ा खुलासा कर दिया। दुल्हन ने साफ शब्दों में कहा कि सामने बैठा युवक वह “राहुल” नहीं है जिससे वह महीनों से बातचीत कर रही थी। युवती ने आरोप लगाया कि जिस युवक से उसकी सोशल मीडिया पर बात होती थी, उसने अपनी असली पहचान छिपाई थी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार बारात में आए युवक की पहचान “देवेंद्र” नाम से हुई, जबकि युवती लगातार उसे राहुल” के नाम से जानती थी।
Sonbhadra Fire: कबाड़ की दुकान में भीषण आग, ऊंची लपटें और घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखा
मामला सामने आते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख युवती के परिजनों ने तत्काल शाहाबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले को शांत कराया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 9 बारातियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। सभी को शाहाबाद कोतवाली लाया गया, जहां उनसे मामले से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और उसके आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पहचान बदलकर शादी की साजिश
पीड़ित युवती ने आरोप लगाया है कि भोपाल निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर उससे लाखों रुपये लिए और बाद में अपनी पहचान बदलकर शादी की साजिश रची। युवती ने यह भी बताया कि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। घटना के बाद परिवार सदमे में है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कस्बे के लोग सोशल मीडिया पर होने वाली दोस्ती और रिश्तों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे ऑनलाइन फ्रॉड तथा फर्जी पहचान से जोड़कर देख रहे हैं।
सीतापुर में मौसम का कहर: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से 2 की मौत, 5 घायल; कई जगह पेड़ गिरे
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर एंगल समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी। यदि युवती के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि हरदोई पुलिस द्वारा लगातार महिला सशक्तिकरण और साइबर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दी जाती रही है।
Location : Hardoi
Published : 13 May 2026, 8:21 PM IST
Topics : Bride Hardoi Latest News UP News