यूपी के बहुचर्चित मल्लाह हत्याकांड के आरोपियों को मिली ऐसी सजा… सात पीढ़ियां रखेंगी याद

मऊ में 23 साल पुराने चर्चित हत्याकांड में अदालत का फैसला आते ही इलाके में हलचल तेज हो गई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत कई आरोपियों पर चले लंबे मुकदमे के बाद कोर्ट ने ऐसा निर्णय सुनाया, जिसका यूपी में हर तरफ चर्चा है। आखिर अदालत ने किन सबूतों को सबसे अहम माना और क्या था पूरा मामला, जानिए इस रिपोर्ट में।

Updated : 13 May 2026, 3:53 PM IST
google-preferred

Mau: मऊ के बहुचर्चित रामकिशुन मल्लाह हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश सिंह काका समेत तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस फैसले के बाद जिले में एक बार फिर यह मामला चर्चा का केंद्र बन गया है। अदालत ने दोषियों पर भारी जुर्माना भी लगाया है।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर-1 के न्यायाधीश बाकर शमीम रिजवी ने लंबी सुनवाई और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने रमेश सिंह काका, सुदर्शन सिंह और बृजेश सिंह को हत्या और हत्या के षड्यंत्र से जुड़े मामलों में दोषी करार दिया।

क्या था पूरा मामला?

घटना 6 मार्च 2003 की है। शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी मोहल्ले निवासी रामकिशुन मल्लाह सुबह पूजा करने के बाद बाइक से घर से निकले थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी। इस हमले में रामकिशुन की मौके पर ही मौत हो गई थी।

मृतक की मां शांति देवी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों को आरोपी बनाते हुए न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। मामले में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया गया।

UP Crime News: सोनभद्र में हत्या और चोरी मामले में बड़ा खुलासा, गिरफ्तार आरोपी ने खोल कई राज

अदालत ने किन्हें सुनाई सजा?

कोर्ट ने बृजेश सिंह को हत्या, हत्या की साजिश, मारपीट और आयुध अधिनियम के तहत दोषी पाया। उन्हें हत्या के मामले में उम्रकैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी गई। वहीं हत्या की साजिश में भी आजीवन कारावास और 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

Former Block Chief Ramesh Singh Arrested

प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)

सुदर्शन सिंह को हत्या की साजिश और आरोपियों को शरण देने का दोषी मानते हुए उम्रकैद के साथ जुर्माना लगाया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश सिंह काका को भी हत्या के षड्यंत्र में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।

अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि दोषी तय समय पर जुर्माना जमा नहीं करते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

पांच आरोपियों को मिला संदेह का लाभ

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने सबूतों और गवाहों के आधार पर पांच आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। वहीं चार आरोपियों की मौत हो जाने के कारण उनके खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही पहले ही समाप्त कर दी गई थी।

अभियोजन पक्ष ने अदालत में 15 गवाह पेश किए थे। सरकारी वकील ने तर्क दिया कि सभी साक्ष्य हत्या की साजिश की ओर स्पष्ट इशारा करते हैं। दूसरी ओर बचाव पक्ष ने आरोपियों को झूठा फंसाए जाने की दलील दी, लेकिन अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों को पर्याप्त माना।

UP Crime News: मुजफ्फरनगर में दो पक्षों में मारपीट, दुल्हन के ससुराल पहुंचते ही हुआ संघर्ष, कई घायल

पीड़ित परिवार को मिलेगी राहत

कोर्ट ने आदेश दिया कि दोषियों से वसूले जाने वाले जुर्माने की 75 प्रतिशत राशि मृतक रामकिशुन मल्लाह की मां और वादिनी शांति देवी को दी जाएगी। अदालत के इस फैसले को पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

Location :  Mau

Published :  13 May 2026, 3:53 PM IST

Advertisement