हिंदी
Symbolic Photo
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां लालगंज कोतवाली क्षेत्र के टटियापुर गांव में 36 वर्षीय विवाहिता प्रमिला की बेरहमी से कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने पड़ोसियों को मुख्य आरोपी बताया है। वहीं, ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि हत्या के पीछे अवैध संबंधों का शक है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई करेगी।
टटियापुर गांव की रहने वाली प्रमिला अपने चार बच्चों और मां के साथ रहती थी। उसका पति बाबूलाल कश्मीर में नौकरी करता है। प्रमिला की मां ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने बताया कि पड़ोसी अमर बहादुर, उसकी पत्नी गुड्डी और उनके दो बेटे शिवम् व मनीष ने आपसी रंजिश के चलते प्रमिला की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रमिला छत पर सोने गई थी, उसी वक्त इस निर्दयी कृत्य को अंजाम दिया गया।
DN Exclusive: अंतिम क्षण में महात्मा गांधी दिल्ली क्यों आए थे? जानें क्या है पूरी कहानी
ग्रामीणों की माने तो प्रमिला और पड़ोसी अमर बहादुर के बीच अवैध संबंध थे। इस बात को लेकर अमर बहादुर के परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस को इस बात की भी जानकारी मिली है कि आज भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में लड़ाई हुई थी। गुस्से में अमर बहादुर के बेटे शिवम् ने छत पर जाकर प्रमिला की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि जांच के बाद ही करेगी।
घटना के बाद मौके पर लालगंज पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच पड़ताल में जुट गए। एएसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं पर विस्तार से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं और प्रशासन इस दिशा में सख्त कदम उठा रहा है।
रायबरेली जिले में इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन कहीं हत्या की खबर आती है तो कहीं चोरी और अन्य अपराधों का मामला सामने आता है। इससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आम जनता में भी सुरक्षा को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। प्रशासन को चाहिए कि वह ऐसे मामलों को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाए और अपराधियों को सख्ती से दंडित करे।
Location : Raebareli
Published : 2 October 2025, 9:55 PM IST