योगी मंत्रिमंडल विस्तार से पहले अखिलेश यादव ने दल-बदलुओं पर कसा तंज

उत्तर प्रदेश में आज होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 May 2026, 12:15 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज होने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार से पहले जनता के मन में कई सवाल हैं, जिनका जवाब भाजपा सरकार को देना चाहिए। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियां हैं, जबकि दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए नेताओं की संख्या इससे कहीं ज्यादा है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर मंत्री पद किसे मिलेगा और किस आधार पर मिलेगा।

अखिलेश यादव का दल-बदलुओं पर तंज

उन्होंने लिखा कि अगर किसी एक समाज के कई विधायकों में से किसी एक को मंत्री बनाया जाता है तो बाकी नेताओं का क्या होगा? क्या उपेक्षित नेताओं को ले-देकर शांत कराया जाएगा या फिर उन्हें यह एहसास कराया जाएगा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है।

 भाजपा के कई नेताओं पर कटाक्ष

सपा प्रमुख ने भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो नेता मंत्री नहीं बन पाएंगे, क्या वे अपने क्षेत्र में जनता का सामना कर पाएंगे या खुद को ठगा महसूस करेंगे।
अखिलेश यादव ने भाजपा के मौजूदा मंत्रियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन मंत्रियों के विभाग कम किए जाएंगे, क्या इससे जनता में यह संदेश नहीं जाएगा कि वे नाकाम रहे हैं?
उन्होंने दावा किया कि ऐसे मंत्री बिना चुनाव लड़े ही राजनीतिक नुकसान झेल सकते हैं।

सपा अध्यक्ष ने सहयोगी दलों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि क्या सहयोगी दलों को केवल इंतजार ही मिलेगा या फिर उन्हें भी उपेक्षा का सामना करना पड़ेगा। इसी दौरान उन्होंने शायराना अंदाज में लिखा कि तुम थे जिनके सहारे, वो हुए न तुम्हारे… वो तो ठग हैं पुराने… तुम ये सच न जाने…

सरकार के कामकाज पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता पूछ रही है कि आखिरी 9 महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे, जब 9 साल में सरकार कुछ नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने केवल भ्रष्टाचार और अत्याचार बढ़ाया है। सपा प्रमुख ने अपने ट्वीट के आखिर में लिखा-पीडीए पर वार-ही-वार! महंगाई-बेकारी की मार! ये जीना कर देंगे दुश्वार!

Location :  Lucknow

Published :  10 May 2026, 12:15 PM IST

Advertisement