दिल्ली जाने के लिए बदायूं के लोगों को अब नहीं बदलनी पड़ेगी ट्रेन!

बदायूं से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है, जिसे केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस कासगंज, बदायूं और बरेली होते हुए सीधे दिल्ली पहुंचेगी। इससे यात्रियों को ट्रेन बदलने की परेशानी खत्म होगी और सफर आसान बनेगा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 13 April 2026, 1:18 PM IST
google-preferred

Budaun: जिले के लोगों का सालों पुराना इंतजार अब खत्म हो गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सोमवार को बदायूं से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस कासगंज से चलकर बदायूं और बरेली होते हुए सीधे नई दिल्ली तक जाएगी।

यात्रियों को मिली बड़ी राहत

इस ट्रेन के शुरू होने से बदायूं, कासगंज और आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को बरेली या मुरादाबाद जाकर ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय भी बचेगा और सफर भी आसान हो जाएगा। खासकर छात्रों, व्यापारियों और नौकरी करने वाले लोगों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।

लंबे समय से चल रहे थे प्रयास

इस ट्रेन को शुरू कराने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा काफी समय से प्रयास कर रहे थे। उन्होंने 20 नवंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बदायूं से दिल्ली और लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग की थी। इसके बाद 25 मार्च को रेल मंत्रालय ने इस ट्रेन को मंजूरी दे दी।

बदायूं में दर्दनाक हादसा: गंगा में नहाने गए 3 बच्चे डूबे, एक का शव मिला और… पढ़ें पूरी खबर

श्रेय को लेकर राजनीति तेज

इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा कि उन्होंने इस मांग को संसद में उठाया था। वहीं बीएल वर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने ही यह काम पूरा किया है और वे काफी समय से इसके लिए प्रयास कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी इस मुद्दे को पहले उठाया था।

Location :  Badaun

Published :  13 April 2026, 1:18 PM IST

Advertisement