हिंदी
यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा
Agra News: आगरा जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब बैटरी डाउन होने के कारण एक ऑटो साइड में खड़ा था और पीछे से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने उसमें भीषण टक्कर मार दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, यह दुर्घटना बुधवार रात करीब 9:45 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 162.6 पर हुई। हादसे में 45 वर्षीय कमलेश देवी और 40 वर्षीय राजू की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में केशव, राधा और अन्य 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें ट्रांस यमुना क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेरहवीं से लौट रहे थे सभी
तोरा गांव निवासी बबलू ने बताया कि उसके साले के ससुर का निधन मथुरा के दाऊजी स्थित जरोठी गांव में हुआ था। बुधवार को वहां तेरहवीं संस्कार था, जिसमें शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य सुबह ऑटो से गए थे।
ऑटो में कौन-कौन सवार था
लौटते समय उनके साथ ऑटो में कन्हैया (राजमिस्त्री, दो बच्चों के पिता), कमलेश देवी (कन्हैया की पत्नी), राजू (कन्हैया का चचेरा भाई), केशव और उसकी पत्नी राधा के साथ चालक सवार था।
कैसे हुआ हादसा
रात में लौटते समय ऑटो खंदौली इंटरचेंज से यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़ा। चालक ऑटो को कुबेरपुर इनर रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड की ओर ले जा रहा था। इसी बीच एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 162.6 के पास ऑटो की बैटरी डाउन हो गई। चालक ने मजबूरी में ऑटो को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात भारी वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से ऑटो पूरी तरह चकनाचूर
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ही कमलेश देवी और राजू ने दम तोड़ दिया। बाकी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को ट्रांस यमुना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों के परिवार में कोहराम
इस हादसे से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। कन्हैया की पत्नी की मौत के बाद उनके दो मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। वहीं राजू, जो फूल सजाने का काम करता था, परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह हिट एंड रन केस प्रतीत हो रहा है।
Location : Agra
Published : 10 July 2025, 11:10 AM IST
Topics : Agra Police auto driver Crime Story Expressway Accident Highway Accident Road Accident Uttar Pradesh News Yamuna Expressway