हिंदी
पूर्व सांसद धनंजय सिंह
Varanasi: दो दशक से ज्यादा पुराने सनसनीखेज हमले के मामले में एक बार फिर अदालत में हलचल तेज हो गई है। जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले की गूंज मंगलवार को विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में सुनाई दी। करीब 24 साल पुराने इस केस में अब गवाही और जिरह का दौर अंतिम चरण की ओर बढ़ता दिख रहा है।
मंगलवार को सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के गवाह, अयोध्या (तत्कालीन फैजाबाद) के उस समय के सरकारी डॉक्टर अरविंद कुमार सिंह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दोबारा जिरह की गई। अदालत में अभियोजन पक्ष ने डॉक्टर से इलाज, चोटों की प्रकृति और मेडिकल रिपोर्ट से जुड़े कई अहम सवाल पूछे। गवाही के दौरान पुराने मेडिकल रिकॉर्ड और उस समय की परिस्थितियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अदालत ने अगली जिरह के लिए फार्मासिस्ट शुभकरण यादव को तलब किया है, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बयान देंगे। मामले की अगली सुनवाई 19 फरवरी को तय की गई है।
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक 4 अक्टूबर 2002 को उस समय विधायक रहे धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन से जौनपुर लौट रहे थे। आरोप है कि वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित टकसाल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो से उतरे अभय सिंह और उनके 4-5 साथियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया था।
इस हमले में धनंजय सिंह, उनके गनर और चालक समेत कई लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। पुलिस जांच में नाम सामने आने पर विनीत सिंह, संदीप सिंह, संजय सिंह रघुवंशी, विनोद सिंह और सत्येंद्र सिंह को भी नामजद किया गया। बाद में सभी के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई।
करीब 24 साल पुराने इस केस में अब गवाहों की जिरह बेहद अहम मानी जा रही है। मेडिकल साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान अदालत के फैसले में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल अदालत में सुनवाई जारी है और अगली तारीख 19 फरवरी को तय है। जिस पर सबकी नजर टिकी हुई है।
Location : Varanasi
Published : 18 February 2026, 6:45 PM IST