Maharajganj : परिवहन विभाग ने आम जनता के लिए हेल्पलाइन सेवा को और आसान बना दिया है। पहले जहां विभाग का हेल्पलाइन नम्बर 18001800151 था, वहीं अब इसे छोटा और याद रखने में आसान 149 कर दिया गया है। परिवहन विभाग से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी जैसे लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, परमिट या अन्य समस्याओं के समाधान के लिए लोग सीधे इस नये नम्बर पर कॉल कर सकेंगे।
मिलेगी ये सारी सुविधा
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार इसके अलावा विभाग ने डिजिटल सुविधा को बढ़ावा देने के लिए एक नया चैट बॉट नम्बर 8005441222 भी जारी किया है। इस नम्बर पर सिर्फ “Hi” लिखकर व्हाट्सऐप या मैसेज भेजने पर वाहन से जुड़ी जानकारी, चालान का विवरण और भुगतान की सुविधा मिल जाएगी।
ARTO मनोज कुमार सिंह ने दी ये जानकारी
ARTO मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शासन से आए निर्देशों के बाद महराजगंज जनपद में भी यह सुविधा लागू कर दी गई है। इससे आमजन खासकर वे लोग जो अक्सर अपने कामों के लिए ARTO कार्यालय का चक्कर लगाते थे, अब घर बैठे ही अपने वाहन और चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस नयी व्यवस्था से न केवल लोगों का समय और धन बचेगा बल्कि विभागीय कामकाज भी और अधिक पारदर्शी होगा। परिवहन विभाग का मानना है कि नई हेल्पलाइन और चैट बॉट सेवा आमजन के लिए मील का पत्थर साबित होगी और लोगों को आधुनिक तकनीक के जरिए सुगमता प्रदान करेगी।
अब परिवहन विभाग की किसी भी जानकारी के लिए 149 डायल करें या 8005441222 पर “Hi” लिखें और मिनटों में पाएं वाहन व चालान की पूरी जानकारी।

