हिंदी
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को सिसवा के मटियारिया और घुघली के परसौनी स्थित गौशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश को ठंड से बचाने, हरा चारा, भूसा व चोकर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने गौशालाओं का किया औचक निरीक्षण
Maharajganj: महराजगंज जनपद में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने विकासखंड सिसवा के ग्राम मटियारिया में स्थित गौशाला और विकासखंड घुघली के ग्राम परसौनी स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा तहसील सदर में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री के कार्य का भी गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने गौशालाओं में मौजूद गौवंश की संख्या, उनके स्वास्थ्य, ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं और चारा-पानी की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। सर्दी के मौसम को देखते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौवंश को ठंड से बचाने के लिए तिरपाल, पुआल, बंद शेड और अन्य आवश्यक इंतजाम अनिवार्य रूप से किए जाएं। साथ ही गौशालाओं में हरा चारा, भूसा और चोकर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दर्जिनिया ताल में डीएम–डीएफओ का मंथन, मगरमच्छ संरक्षण के साथ इको-टूरिज्म और हरित विकास पर बनी रणनीति
सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने गौशाला परिसरों के आसपास हरा चारा लगाए जाने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में पशुओं के लिए चारे की समस्या न उत्पन्न हो। उन्होंने साफ-सफाई, पीने के पानी की उपलब्धता और पशुओं के समुचित रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गौवंश संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Maharajganj के DM संतोष कुमार शर्मा ने लगाई ग्राम चौपाल, सैकड़ों मरीजों का किया गया उपचार
इसके पश्चात सीडीओ ने तहसील सदर पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने रजिस्ट्री काउंटरों पर मौजूद किसानों से बातचीत कर पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी ली और निर्देश दिया कि किसानों का पंजीकरण सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। सीडीओ ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा, इसलिए किसी भी पात्र किसान को पंजीकरण से वंचित न रखा जाए।