हिंदी
महराजगंज के चेहरी गौसदन में घुसकर एक संगठन के नेता बताने वाले युवक पर मारपीट और लूट का गंभीर आरोप लगा है। मारपीट की घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है।
महराजगंज में प्रधान प्रतिनिधि के ऊपर हमला (प्रतीकात्मक चित्र)
Maharajganj: जनपद के जंगल दुधई उर्फ चेहरी गांव स्थित गौसदन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दर्जनों लोगों ने जबरन प्रवेश कर जमकर हंगामा किया। आरोप है एक संगठन से जुड़े हुए तकरीबन दर्जनों लोगों के साथ गौसदन का गेट खोलकर अंदर घुस गया और नारेबाजी करते हुए माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
घटना 16 फरवरी 2026 की शाम लगभग चार बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने न केवल गौसदन की व्यवस्था को बाधित किया बल्कि प्रधान प्रतिनिधि ऋषिदेव के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट भी की। पीड़ित का आरोप है कि हमले के दौरान उनके गले से सोने की चैन और जेब में रखे पांच हजार रुपये नगद छीन लिए गए।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित थी। गौसदन के केयर टेकर ने खुलासा किया कि एक दिन पहले ही कुछ संदिग्ध लोग रात के समय गौसदन का जायजा लेने पहुंचे थे। घटना के दिन आरोपियों द्वारा कहीं और से लाई गई पुरानी गौवंश की हड्डियां दिखाकर नारेबाजी की गई, जिससे जानबूझकर माहौल को उग्र बनाया गया और भय का वातावरण खड़ा किया गया।
इस पूरी घटना से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे उपद्रवी तत्व भविष्य में और बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। पीड़ित ऋषिदेव ने मामले की लिखित शिकायत थाने से लेकर जनपद के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रकरण से जुड़ी तहरीर कोतवाली सदर थाना महराजगंज में दी गई है, जहां पुलिस ने जांच शुरू करने की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
Video: महराजगंज में अचानक DIG का दौरा, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश
गांव में फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।