हिंदी
राजदरी वॉटरफॉल हादसा (IMG: Dynamite News)
Chandauli: चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध राजदरी जलप्रपात पर मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जलप्रपात में नहाने उतरा एक युवक अचानक तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना से वहां मौजूद पर्यटकों में हड़कंप मच गया और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पानी के तेज बहाव में लगभग 50 मीटर तक बह गया। बहते-बहते वह एक बड़ी चट्टान पर जाकर फंस गया। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन तेज धारा के कारण बाहर निकलना उसके लिए संभव नहीं था। स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।
यहां भी पढ़ें: चंदौली में 5 साल के मासूम के गायब होते ही मचा हड़कंप, टोल प्लाजा से मिला सुराग और फिर…
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए साहस का परिचय दिया और काफी प्रयास के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। युवक को सुरक्षित निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
राजदरी जलप्रपात में बरसात के मौसम में नहाने पर प्रशासन पहले से ही प्रतिबंध लगा चुका है। यहां चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं और पुलिस की तैनाती भी की गई है। इसके बावजूद कई पर्यटक नियमों की अनदेखी करते हुए जलप्रपात में उतर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
यहां भी पढ़ें: अब बच्चों की थाली में भी लापरवाही! चंदौली के स्कूल में मिड डे मील में मिले कीड़े, मचा हड़कंप
इस घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल पुलिस तैनात कर देना पर्याप्त नहीं है। पर्यटकों को सख्ती से रोकने और सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में जलप्रपात या नदी-नालों में उतरने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
Location : Chandauli
Published : 3 August 2026, 12:28 PM IST