थाने की नाक के नीचे चोरों का तांडव! सुल्तानपुर में सूने घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी साफ

सुल्तानपुर में पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 September 2026, 6:49 PM IST
google-preferred

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की मौजूदगी वाले इलाके में ही बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। इटकोली गांव में थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घर के ताले तोड़कर आरोपी लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।

वैवाहिक कार्यक्रम में गई थीं गृहस्वामिनी

इटकोली निवासी प्रदीप कुमार कसौधन का परिवार कारोबार के सिलसिले में महाराष्ट्र में रहता है। उनकी पत्नी प्रीति घर पर रहती हैं। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह अयोध्या में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे जब वह वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडा टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।

सुल्तानपुर में शिक्षकों की आवाज नहीं सुनी तो 22 सितंबर को होगा हंगामा, वेतन के साथ ग्रेच्युटी और पेंशन के लिए भटक रहे टीचर

कमरों में बिखरा मिला सामान

घर के अंदर दाखिल होने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे। परिजनों के मुताबिक, चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेटकर ले गए। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह और गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मकान का निरीक्षण करने के साथ पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

चोरी करने घर में घुसा था बदमाश, महिला की खुली आंख तो चाकू से किया हमला, सुल्तानपुर में शातिर अपराधी गिरफ्तार

तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा के अनुसार, चोरी के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है और पुलिस टीम घटना की पड़ताल कर रही है। थाने से इतनी कम दूरी पर हुई चोरी के बाद इलाके में पुलिस गश्त व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Location :  Sultanpur

Published :  17 September 2026, 6:49 PM IST

Related News

Advertisement