हिंदी
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने परिवार से की मुलाकात (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव निवासी अंडा-बिरयानी कारोबारी अर्जुन यादव की मौत का मामला लगातार चर्चा में है। गुरुवार को पीडीए कार्यक्रम के बाद समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पीडीए टीम के साथ रुद्रपुर गांव पहुंचे। उन्होंने अर्जुन यादव के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिवार को न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
रुद्रपुर गांव पहुंचे श्यामलाल पाल ने अर्जुन यादव के परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिवार ने पुलिस द्वारा अर्जुन को थाने ले जाने से लेकर उनकी तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में इलाज के दौरान मौत होने तक की परिस्थितियों के बारे में बताया।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन यादव को साइकिल चोरी से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पुलिस का कहना है कि थाना परिसर में अचानक उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा और वह गिर गए, जिससे उनके सिर में चोट लगी। पुलिस ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने जांच एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी को सौंपी है। पुलिस अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
श्यामलाल पाल ने परिजनों की बात सुनने के बाद उन्हें भरोसा दिलाया कि परिवार को न्याय की लड़ाई में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर से परिवार की मदद के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे और उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान संतकबीर नगर के सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की ओर से परिवार को आर्थिक सहयोग दिए जाने की जानकारी भी सामने आई।
Location : Gorakhpur
Published : 17 September 2026, 6:45 PM IST