हिंदी
साइबर क्राइम (Image: Pinterest)
Barabanki News: बाराबंकी में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। साइबर ठग की लगातार धमकियों और व्हाट्सएप कॉल से परेशान होकर एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। आरोप है कि ठग ने पहले युवती से 15 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और इसके बाद भी लगातार और पैसों की मांग करता रहा। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी साइबर ठग की तलाश की जा रही है।
घटना बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के किंतूर गांव की है। बुधवार रात करीब 9 बजे गांव निवासी सोनी का शव उसके कमरे में दुपट्टे से लटका हुआ मिला। परिवार के लोगों ने जब यह देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों के मुताबिक, सोनी पिछले कुछ समय से परेशान चल रही थी। उसके बड़े भाई आशीष कुमार ने जब युवती का मोबाइल चेक किया तो उसमें कई व्हाट्सएप कॉल आने की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार को साइबर ठगी और धमकी का शक हुआ।
परिवार ने बताया कि साइबर ठग की बातों और धमकियों से डरकर सोनी ने गांव के ही एक जनसेवा केंद्र से घर में रखे 15 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए थे। लेकिन पैसे मिलने के बाद भी ठग नहीं रुका और लगातार उससे और पैसों की मांग करने लगा। बताया जा रहा है कि बार-बार आ रही धमकियों और मानसिक दबाव के चलते युवती काफी परेशान हो गई थी। इसी परेशानी में उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया।
इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि युवती की मौत के बाद भी साइबर ठग लगातार व्हाट्सएप कॉल करता रहा। परिवार के मोबाइल जांचने पर इस बात की जानकारी हुई। अब पुलिस कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने जांच तेज कर दी है। सीओ गरिमा पंत ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर ठग की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस लोगों से भी अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या मैसेज पर डरकर पैसे ट्रांसफर न करें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें।
Location : Barabanki
Published : 17 September 2026, 6:35 PM IST