सुल्तानपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का काउंटडाउन शुरू! 17 सितंबर से चमकेंगी सरकारी योजनाएं, क्या धरातल पर उतरेगा प्लान?

17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान में सुलतानपुर के लोगों को क्या-क्या मिलेगा? जानिए अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों और प्रभारी मंत्री के अधिकारियों को दिए अहम निर्देशों की पूरी जानकारी।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 12 September 2026, 10:47 AM IST
google-preferred

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए जनपद प्रभारी मंत्री और प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चन्द्र यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों को समय से पूरा कराने और अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण भवन में हुआ प्रभारी मंत्री का स्वागत

जनपद पहुंचने पर प्रभारी मंत्री को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

विभिन्न कार्यक्रमों की विभागवार दी गई जानकारी

मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विभागवार जानकारी प्रस्तुत की। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में फल वितरण, रक्तदान शिविर और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ नवनिर्मित परियोजनाओं एवं धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कराया जाएगा।

बच्चों और महिलाओं की भागीदारी पर जोर

‘सपनों का भारत’ के तहत स्कूलों में चित्रकला, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम विधानसभा स्तर पर 35 स्थानों पर आयोजित होगा। वहीं ‘आंगन का उत्सव’ में समूह की दीदियों और सहायिकाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। बच्चों के लिए क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

बैंकों पर लटके ताले, सड़क पर उतरे कर्मचारी; सुल्तानपुर में लगे ‘वित्त मंत्री मुर्दाबाद’ के नारे

हर विधानसभा में तैयार होंगे कम से कम 100 वीडियो

‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों के वीडियो को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वीडियो की अवधि अधिकतम 60 सेकंड होनी चाहिए। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 100 वीडियो तैयार कराने को कहा गया, ताकि योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानियां अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।

कलश यात्रा के साथ होगी बाइक और साइकिल रैली

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत सभी वार्डों से कलश लेकर पदयात्रा निकाली जाएगी, जो तिकोनिया पार्क चौराहे तक पहुंचेगी। इसके साथ बाइक और साइकिल रैली भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण दिखाने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना है। प्रभारी मंत्री ने पदयात्रा और अन्य गतिविधियों में एनएसएस तथा एनसीसी की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

25 मिनट का श्रमदान और दो स्थलों का कायाकल्प

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में जनभागीदारी के साथ 25 मिनट का श्रमदान कराया जाएगा। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो स्थलों का कायाकल्प किए जाने की योजना है, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वच्छता और विकास कार्यों को बढ़ावा मिल सके।

अब सालों के मुकदमों से राहत पाना हुआ आसान! सुल्तानपुर में आज लगने जा रही राष्ट्रीय लोक अदालत, हेल्प डेस्क भी तैयार

ब्लॉक स्तर पर लगेंगे स्वास्थ्य और दिव्यांग कल्याण शिविर

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत 30 सितंबर से 9 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर विभिन्न शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य मेले, दिव्यांग कल्याण शिविर और मतदाता जागरूकता स्टॉल समेत अलग-अलग विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दिव्यांगजनों को टूलकिट भी वितरित की जाएगी।

मानव श्रृंखला और रंगोली से दिया जाएगा संदेश

‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक’ कार्यक्रम के तहत पंत स्टेडियम में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर रंगोली बनाने के लिए स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में आईटीआई और कौशल विकास से जुड़े छात्रों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।

योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना उद्देश्य

प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है। इसका मुख्य लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी कार्यक्रमों को गंभीरता और प्रतिबद्धता से समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, लम्भुआ विधायक सीताराम वर्मा, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Sultanpur

Published :  12 September 2026, 10:47 AM IST

Related News

Advertisement