50 हजार की कीमत और ममता का अंतहीन इंतजार,सनसनीखेज कांड का वो अंत जिसने सभी को रुला दिया

सुलतानपुर के कादीपुर में अपहृत एक वर्षीय तौफीक को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को 50 हजार रुपये में बेचा गया था और खरीदार उसे मुंबई तक ले गया था। मामले में ऊषा और जितेन्द्र गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 14 November 2026, 7:12 PM IST
google-preferred

Sultanpur: मां की एक छोटी सी चूक एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गई। आठ साल की मासूम बेटी के पास एक वर्षीय बेटे तौफीक को छोड़कर मां पानी लेने गई और इसी बीच उसका बेटा गायब हो गया। सात नवंबर को हुई इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सात दिन तक पुलिस और परिजन बच्चे की तलाश में जुटे रहे। इस बीच अपहरण की कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। मासूम को 50 हजार रुपये में बेच दिया गया था। खरीदने वाला आरोपी उसे आगे बेचने के लिए मुंबई तक ले गया, लेकिन सौदा नहीं हो सका। आखिरकार कादीपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने मासूम को सकुशल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मामला कादीपुर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर का है। जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोरगहना गांव निवासी रूबीना पत्नी रोशन सात नवंबर को अपने एक वर्षीय बेटे तौफीक के साथ कादीपुर आई थीं। उन्होंने बेटे को करीब आठ वर्षीय बेटी के पास छोड़कर पानी लेने गईं। कुछ देर बाद लौटीं तो बेटा वहां नहीं था। पहले आसपास तलाश की, फिर अनहोनी की आशंका ने परिवार को घेर लिया। मां की तहरीर पर कादीपुर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ।

ये भी पढ़े: सुलतानपुर में घुमंतू समाज के बच्चों को मिलेगी नई राह, असीम अरुण ने किया कोचिंग सेंटर का ऐलान

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस की मदद से संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। जांच की कड़ियां जुड़ती गईं और पुलिस ऊषा पत्नी सीताराम निवासी सराय कल्याण, थाना कादीपुर तक पहुंच गई। 13 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो बच्चे की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया।

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा (Image Source: Dynamite News)

मुंबई तक ले गया खरीदार

पुलिस के मुताबिक, पांच नवंबर को ऊषा ने कादीपुर के पटेल चौराहे पर एक छोटी बच्ची को बहलाया और उसकी गोद में मौजूद करीब एक वर्षीय तौफीक को अपने साथ ले गई। इसके बाद उसने बच्चे को कादीपुर खुर्द निवासी जितेन्द्र पुत्र सोमई को 50 हजार रुपये में बेच दिया। जितेन्द्र बच्चे को आगे बेचने के इरादे से मुंबई तक ले गया, लेकिन वहां सौदा तय नहीं हो सका। वह बच्चे को लेकर वापस लौट आया और दोबारा उसे बेचने की तैयारी में था।

महिला से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम मगरावां स्थित साजिद कार वॉशिंग सेंटर के पास दबिश दी। यहां से जितेन्द्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तौफीक को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने ऊषा की निशानदेही पर बच्चे की बिक्री से मिले 50 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

ये भी पढ़े: सुलतानपुर में बारात आए तीन सगे भाइयों को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीटकर किया घायल

मां की गोद में लौटी खुशियां

एक सप्ताह तक बेटे की तलाश में भटक रही मां को जब तौफीक के सकुशल मिलने की खबर मिली तो परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक सगीर मुहम्मद, मुख्य आरक्षी राजकुमार शुक्ला, अमित कुमार मिश्रा, वेद प्रकाश यादव, आरक्षी पवन जीत यादव और महिला आरक्षी खुशबू गुप्ता शामिल रहीं।

एक वर्षीय मासूम की बरामदगी ने जहां परिवार को बड़ी राहत दी है, वहीं इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और उनके अपहरण के बाद खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर अपराधों पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 143 और 145 की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Sultanpur

Published :  14 November 2026, 7:12 PM IST

Advertisement