हिंदी
सूबेदार मेजर की एम्बुलेंस हुई हादसे का शिकार (IMG: Dynamite News)
Sultanpur News: मौत का मातम लेकर घर लौट रही एक एंबुलेंस खुद मौत का सफर बन गई। चंडीगढ़ से सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का शव उनके पैतृक गांव गहिला ले जा रही एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सूबेदार मेजर के रिश्तेदार और रुद्रपुर निवासी सभासद राजन चौधरी की भी मौत हो गई।
बताया गया कि गहिला निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का बीमारी के चलते चंडीगढ़ में निधन हो गया था। परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव लेकर लौट रहे थे। एंबुलेंस में परिवार और रिश्तेदार भी सवार थे। इसी दौरान रुद्रपुर निवासी सभासद राजन चौधरी भी उनके साथ गांव लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में एक और दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है।
रविवार सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर क्षेत्र में एंबुलेंस अचानक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्ष रूप से सामने आई जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस ने ट्रक में पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया। क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
राजन चौधरी की मौत की खबर जैसे ही रुद्रपुर क्षेत्र में पहुंची, वहां शोक का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर दुख जताया। एक परिवार पहले ही अपने सूबेदार मेजर को खोने के गम में था, लेकिन गांव पहुंचने से पहले हुए इस हादसे ने दुख को और गहरा कर दिया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक से हुई टक्कर के कारणों की जांच कर रही है।
Location : Sultanpur
Published : 4 October 2026, 1:21 PM IST