हिंदी
लापता छात्रा (Img : Google)
Lucknow : लखनऊ में एक होटल के कमरे से छात्रा का संदिग्ध हालात में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। चारबाग स्थित होटल में युवती का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामला अब कई सवाल खड़े कर रहा है।
लखीमपुर के महेवागंज निवासी 22 वर्षीय गुंजन मिश्रा का शव लखनऊ के चारबाग स्थित मिलन होटल के कमरा नंबर 23 में मिला। पुलिस के मुताबिक, वह 25 मई को होटल में ठहरी थी। 27 मई की रात जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो होटल स्टाफ को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर युवती का शव पंखे से लटका मिला।
परिजनों के अनुसार गुंजन 25 मई को घर से अचानक लापता हो गई थी। उस समय परिवार ने लखीमपुर कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज में वह घर से अकेली निकलती हुई भी दिखाई दी थी। 27 मई को लखनऊ पुलिस ने परिवार को उसकी मौत की सूचना दी, जिसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे।
अपहरण केस दर्ज होने के बाद फांसी पर लटकी मिली युवती; लखनऊ के होटल में लखीमपुर की छात्रा का शव
पुलिस जांच में सामने आया है कि गुंजन अकेले ही होटल आई थी और कमरे में ठहरी थी। होटल स्टाफ ने बताया कि उस दौरान किसी भी व्यक्ति का उससे मिलना-जुलना नहीं हुआ। कमरे से उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि गुंजन घर से मोबाइल और पैसे लेकर नहीं गई थी, लेकिन होटल के कमरे से उसके बैग में नए कपड़े, मोबाइल और कुछ नकदी मिली है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या जैसा लग रहा है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Location : Lucknow
Published : 28 May 2026, 9:45 PM IST
Topics : crime news Hotel Case Lucknow News Student Death UP News