हिंदी
पीड़िता पहुंची DM के दरबार (IMG: Dynamite News)
Mainpuri: प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत गरीब परिवार के लिए स्वीकृत मकान पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप सामने आया है। मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के मढ़ामई गांव की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि परिवार के बाहर मजदूरी करने जाने के बाद कुछ लोगों ने उनके आवास पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं, घर में रखा सामान भी अपने कब्जे में ले लिया गया और शौचालय को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़िता ने जिलाधिकारी से शिकायत कर आवास को कब्जामुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता परमिला पत्नी लक्ष्मण सिंह ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी सास समिरा देवी पत्नी नाथूराम के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 में आवास निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हुई थी। शिकायत के मुताबिक बैंक खाते से धनराशि निकालने के बाद आवास का निर्माण कराया गया था। इसके बाद परिवार इसी मकान में रहने लगा।
पीड़िता के अनुसार जब वह परिवार के साथ वापस गांव लौटीं तो कथित तौर पर प्रधानमंत्री आवास पर कुछ लोगों का कब्जा मिला। शिकायत में अनिल, सुनील, असनीत और पवन पुत्रगण अमृतलाल, निवासी मढ़ामई, थाना बरनाहल के खिलाफ मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। परमिला का आरोप है कि आरोपियों ने मकान के अंदर रखा घरेलू सामान भी अपने कब्जे में ले लिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मकान खाली करने की बात कहने पर उसे धमकी भी दी गई। इसके चलते परिवार खुद के आवास में रहने के बजाय गांव में किसी दूसरे व्यक्ति के घर रहने को मजबूर है। पीड़िता का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिला मकान उनके परिवार के लिए रहने का सहारा था। लेकिन कब्जे के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परमिला ने शिकायत में बताया कि मामले को लेकर थाना बरनाहल पुलिस से कई बार शिकायत की गई। इसके अलावा ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता ने अब जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से आवास को कथित कब्जे से मुक्त कराने के साथ ही शिकायत में नामजद लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
Location : Mainpuri
Published : 15 September 2026, 4:15 PM IST