सुल्तानपुर में तेज रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचला, बिजली विभाग के कर्मचारी की मौत

सुलतानपुर के बल्दीराय में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार बिजली विभाग के संविदाकर्मी रमा शंकर पासी को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई, जबकि डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 September 2026, 5:31 PM IST
google-preferred

Sultanpur News: बल्दीराय थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार बिजली विभाग के संविदाकर्मी की जिंदगी छीन ली। लकेहटा पुलिया के पास हुए इस सड़क हादसे में बाइक सवार रमा शंकर पासी की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घर लौट रहे थे रमा शंकर

बताया जा रहा है कि अयोध्या के निमड़ी निवासी रमा शंकर पासी प्रतापगढ़ के मांधाता में बिजली विभाग में संविदाकर्मी के तौर पर काम करते थे। रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वह अपनी प्लेटिना बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बल्दीराय क्षेत्र में लकेहटा पुलिया के पास पहुंचे, तभी कूरेभार की ओर जा रहे डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रमा शंकर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, टक्कर मारने के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही बल्दीराय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रमा शंकर को तत्काल सीएचसी बल्दीराय पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर संख्या UP 95 AT 6689 को कब्जे में ले लिया है। वहीं, रमा शंकर की बाइक संख्या UP 42 AC 3820 भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। एक तरफ परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, तो दूसरी तरफ सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से होने वाले हादसों ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक की गिरफ्तारी का इंतजार है।

Location :  Sultanpur

Published :  12 September 2026, 5:31 PM IST

Advertisement