हिंदी
समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव
Budaun: बदायूं में समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव सोमवार को बदायूं पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर महंगाई के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। सांसद ने कहा कि पिछले 10 साल में महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन मोदी सरकार के पास इसे काबू करने का कोई ठोस रोडमैप नहीं है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आदित्य यादव ने कहा, "आज दाल, तेल, गैस, सब्जी हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं। गरीब और मध्यम वर्ग का घर चलना मुश्किल हो गया है। भाजपा सरकार ने वादे तो बहुत किए, लेकिन महंगाई रोकने के लिए जमीन पर कोई प्लान नहीं दिखा। सरकार की गलत नीतियां ही महंगाई की सबसे बड़ी वजह हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ भाषण दे रही है, जबकि जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जूझ रही है।
2024 के बाद होने वाले चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि इंडिया ब्लॉक पूरी तरह एकजुट है। "आगे आने वाला चुनाव हम सब मिलकर, एकजुट होकर लड़ेंगे। जनता अब बदलाव चाहती है और इंडिया गठबंधन ही उसे विकल्प देगा," आदित्य यादव ने दावा किया।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का भी सांसद ने जिक्र किया। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, "लोकतंत्र में विरोध की आवाज को इस तरह दबाना गलत है। लोकसभा स्पीकर और कोर्ट को इस मामले का खुद संज्ञान लेना चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"
आदित्य यादव ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, "प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार भले ही बड़े-बड़े दावे करे, लेकिन सच्चाई यह है कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।"
सांसद के इस बयान के बाद सपा कार्यकर्ताओं में जोश दिखा। उन्होंने कहा कि जनता अब महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हो चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब वोट से देगी।
Location : Budaun
Published : 1 June 2026, 3:22 PM IST