‘खाद दो, खाद दो’, खाद की कालाबाजारी नहीं सहेंगे… सोनभद्र में गुस्साए किसानों ने जमकर किया प्रदर्शन

सोनभद्र के विंढमगंज क्षेत्र में खाद वितरण की कमी से नाराज किसानों ने तीन केंद्रों पर प्रदर्शन किया। पुलिस लाठीचार्ज में एक किसान के घायल होने के बाद मामला उग्र हो गया और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया गया। प्रदर्शनकारी पर्याप्त खाद आपूर्ति और दोषी अधिकारी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Updated : 20 August 2025, 3:55 PM IST
google-preferred

Sonbhadra: जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह व कोलीनडूबा में स्थित क्रय विक्रय सहकारी समिति (लैंपस) पर बीते एक पखवारे से खाद का समुचित वितरण न होने के चलते किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को सैकड़ों किसान खाद की मांग को लेकर विंढमगंज, मेदनीखाड़ और कोलीनडूबा लैंपस केंद्रों पर इकट्ठा हुए और जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने 'खाद दो, खाद दो', 'खाद की कालाबाजारी नहीं सहेंगे' जैसे नारे लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

खाद की किल्लत से नाराज किसानों का फूटा गुस्सा

इस दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब उप निरीक्षक केके सिंह ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठी का प्रयोग किया और धरतीडोलवा गांव निवासी किसान अमित कुमार को लाठी से घायल कर दिया। इस घटना के बाद किसानों का गुस्सा और भड़क गया। सैकड़ों किसान मौके पर जुट गए और आरोपी दरोगा को घेर लिया। किसानों ने 'किसानों पर अत्याचार नहीं सहेंगे' का नारा लगाते हुए रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया।

UP News: सोनभद्र में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, 950 की गैस 1680 में धड़ल्ले से बेच रहे जमाखोर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर उप निरीक्षक केके सिंह को उनके घेरे से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को घटनास्थल की स्थिति से अवगत कराया।

Sonbhadra Farmers Protest

नाराज किसानों ने तीन केंद्रों पर किया प्रदर्शन

किसानों का कहना है कि धान की फसल के इस महत्वपूर्ण समय में खाद की कमी से उनकी फसलें बर्बाद होने की कगार पर हैं। सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में किसान तीनों लैंपस केंद्रों पर खाद के लिए जुटे थे, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।

लाठीचार्ज के बाद सड़क जाम

किसान नेताओं अनुपम यादव, मनीष मद्धेशिया, लक्ष्मण कुशवाहा और सुरेंद्र पासवान के नेतृत्व में किसानों ने बताया कि जब तक पर्याप्त खाद की व्यवस्था नहीं होगी और प्रशासन मौके पर आकर समाधान नहीं करेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सोनभद्र में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट का धंधा जोरों पर, पीड़ितों ने की प्रशासन से कार्रवाई की माँग

विंढमगंज लैंपस के सचिव दीप नारायण यादव ने बताया कि उनके केंद्र पर केवल 220 बोरी खाद आई है जबकि आवश्यकता हजारों किसानों की है। वहीं क्रय विक्रय समिति के सचिव सुरेश यादव ने बताया कि उनके पास 120 बोरी खाद है। मेदनीखाड़ लैंपस के सचिव नारायण यादव ने भी खाद की सीमित आपूर्ति की बात स्वीकारी।

सभी सचिवों का कहना है कि जब तक उच्चाधिकारी स्वयं मौके पर आकर वितरण व्यवस्था नहीं संभालते, तब तक वे इस भारी भीड़ में खाद वितरण नहीं कर सकते। मौके पर किसानों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिसमें प्रदीप कुमार, राजाराम, रामचंद्र ठाकुर, अनिल राम, देवनाथ, धर्मन प्रसाद, सियाराम, आनंद कुमार, शाहिद सहित सैकड़ों पुरुष व महिलाएं शामिल थीं।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद की कालाबाजारी रोकी जाए, पर्याप्त खाद की आपूर्ति कराई जाए और लाठीचार्ज करने वाले अधिकारी पर सख्त कार्रवाई हो।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 20 August 2025, 3:55 PM IST

Advertisement
Advertisement