“पापा बस मुझे आए थे छोड़ने…” कांवड़ लेकर निकले मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया, रो-रोकर परिवार बेहाल

सीतापुर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने मातम फैला दिया। बेटे को कांवड़ यात्रा पर छोड़ने जा रहे पिता की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 6 August 2026, 3:19 PM IST
google-preferred

Sitapur: सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के टिकरा चौराहे पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम पहाड़पुर निवासी 48 वर्षीय श्रीराम वर्मा अपने बेटे अंकित वर्मा को कांवड़ यात्रा के लिए छोड़ने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

मौत की खबर सुनते ही फूटा परिजनों का गुस्सा

हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रीराम वर्मा को पहले जिला अस्पताल और फिर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग टिकरा चौराहे पर पहुंच गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर हरगांव-महोली मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी बाइक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

ये भी पढ़ें - Sitapur News: पर्यटन प्रोजेक्ट्स का औचक निरीक्षण, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही सीओ महोली नागेंद्र चौबे और इमलिया सुल्तानपुर थाना प्रभारी आशीष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए दो थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। पुलिस ने लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।

ये भी पढ़ें - Sitapur News: सावन के पहले सोमवार पर नैमिषारण्य में उमड़ा आस्था का सैलाब, IG और SP ने संभाला मोर्चा

आरोपी की तलाश जारी

बेटे को कांवड़ यात्रा पर छोड़ने निकले पिता की मौत ने पूरे गांव को गम और गुस्से में डुबो दिया है। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपी की गिरफ्तारी कब तक होती है।

Location :  Sitapur

Published :  6 August 2026, 3:19 PM IST

Advertisement