हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेवता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने ही समधी के खिलाफ धोखाधड़ी और तथ्य छिपाने का गंभीर मामला दर्ज कराया है। आरोपी पर फर्जी पहचान के सहारे कई राज्यों में महिलाओं को अपना शिकार बनाने और कुल 25 शादियां करने का काला चिट्ठा सामने आया है। इस हाई-प्रोफाइल खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, यह पूरा मामला एक हाई-प्रोफाइल रिश्ते से जुड़ा हुआ है। वर्ष 2024 में विधायक ज्ञान तिवारी की बेटी प्रज्ञा तिवारी का विवाह मिश्रिख क्षेत्र के चंद्रवाल निवासी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी के साथ तय हुआ था। शादी से पहले आरोपी पक्ष ने अपनी बड़ी शानो-शौकत दिखाते हुए खुद को मुम्बई का एक बहुत बड़ा रियल एस्टेट कारोबारी बताया था। स्थानीय स्तर पर की गई शुरुआती जांच और प्रतिष्ठित लोगों से मिले सकारात्मक फीडबैक के आधार पर विधायक परिवार ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी थी।
चीखती रह गई पत्नी, पर दया भूल सनकी पति ने रेता गला, फिर खुद को दी ये खौफनाक सजा; पढ़ें पूरा मामला
विधायक ज्ञान तिवारी को जब इस बड़े फर्जीवाड़े की भनक लगी, तो उन्होंने बिना देर किए रेउसा थाने का रुख किया। विधायक द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में यह आरोप लगाया गया है कि अनुज त्रिवेदी ने अपनी शातिर चालों के तहत अपना पुराना आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मुकदमों की जानकारी पूरी तरह छिपाकर उनके परिवार को धोखे में रखा। झूठी शान और फर्जी पहचान के दम पर यह रिश्ता तय करवाया गया था, जिससे विधायक परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी अनुज त्रिवेदी ने केवल सीतापुर या उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र समेत देश के कई अन्य राज्यों में भी मासूम महिलाओं को अपने जाल में फंसाया था। वह फर्जी पहचान के आधार पर महिलाओं को धोखा देकर शादियां करता था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के आधार पर मुख्य आरोपी अनुज त्रिवेदी तथा उसके बेटे प्रखर त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अनुज त्रिवेदी और उसके पूरे परिवार के साथ अपने सभी तरह के संबंध हमेशा के लिए खत्म करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। विधायक का कहना है कि इस धोखाधड़ी ने उनके परिवार को अंदर से झकझोर कर रख दिया है और एक जनप्रनिधि के रूप में उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा व छवि को भी ठेस पहुंचाई है। फिलहाल पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं और आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।
Location : Sitapur
Published : 9 August 2026, 11:33 AM IST