हिंदी
महिला सुरक्षा के लिए पुलिस ने निकाला पैदल मार्च (Img: Dynamite News)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत सीतापुर पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पैदल मार्च निकाला। इसमें पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों, छात्राओं, शिक्षिकाओं और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।
पैदल मार्च का नेतृत्व एसपी उत्तरी आलोक सिंह ने किया। सीओ सिटी विनय कुमार यादव और सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने भी कार्यक्रम में मार्गदर्शन दिया। मार्च तरणताल स्टेडियम से शुरू होकर आई हॉस्पिटल और लालबाग चौराहे तक पहुंचा। निर्धारित मार्ग से वापस लौटने के बाद महिला थाने पर इसका समापन हुआ।
सीतापुर में तेज रफ्तार वाहन ने छीन ली ई-रिक्शा चालक की जिंदगी, टक्कर मारकर फरार हुआ ड्राइवर
मार्च के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया। इसमें मिशन शक्ति केंद्र की महिला आरक्षियों के साथ जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने सहभागिता की। समाज कल्याण और शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं से अपील की गई कि उत्पीड़न या किसी अपराध का सामना करने पर वे डरें नहीं और बिना संकोच पुलिस की सहायता लें। उन्हें महिला पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
सीतापुर पुलिस ने समाज के सभी वर्गों से महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उनके भीतर सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना है।
Location : Sitapur
Published : 13 October 2026, 1:54 PM IST