हिंदी
ट्रेन में चेकिंग के दौरान खुला बैग का राज (IMG: Dynamite News)
Jhansi: ट्रेन में सफर कर रहे दो यात्रियों के बैग ने उस वक्त जीआरपी और आरपीएफ की टीम को चौंका दिया, जब चेकिंग के दौरान उनके अंदर बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण मिले। झांसी में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की तलाशी के दौरान दो यात्रियों के कब्जे से 20.05 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों यात्री चांदी से जुड़े कोई बिल या अधिकार-पत्र मौके पर पेश नहीं कर सके।
यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा के साथ ट्रेनों में अपराध पर नियंत्रण के लिए जीआरपी और आरपीएफ की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत झांसी में जीआरपी और आरपीएफ क्राइम विंग की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान टीम ने दो यात्रियों को संदिग्ध परिस्थितियों में जांच के लिए रोका। उनकी पहचान खिविंदर पुत्र तारा सिंह और बबलीन पुत्र खिविंदर सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई।
जांच के दौरान दोनों बैगों से नौ प्लास्टिक के डिब्बे बरामद हुए। इन डिब्बों के अंदर अलग-अलग तरह के चांदी के आभूषण रखे हुए थे। राज्य कर अधिकारियों की मौजूदगी में जब आभूषणों का वजन कराया गया तो डिब्बों समेत इनका कुल वजन 20.05 किलोग्राम पाया गया। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
बकरी चराने गई थीं 4 मासूम, तालाब में नहाने उतरीं तो मच गई चीख-पुकार; झांसी में दो बच्चियों की मौत
चांदी के आभूषणों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखाए जाने के बाद पुलिस ने मामले की सूचना राज्य कर विभाग के अधिकारियों को दी। मामले की जानकारी सहायक आयुक्त राज्य कर मृत्युंजय सिंह और राज्य कर अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, झांसी को दी गई। अधिकारियों की मौजूदगी में बरामद आभूषणों की जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
ट्रेन में दो यात्रियों के पास से एक साथ 20 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण मिलने की खबर सामने आते ही रेलवे सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों में भी हलचल मच गई। इतनी बड़ी मात्रा में आभूषणों के परिवहन को लेकर दोनों यात्रियों से पूछताछ की गई।
इस कार्रवाई में थाना जीआरपी झांसी के प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव की अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व में जीआरपी, अनुभागीय विशेष टीम और आरपीएफ क्राइम विंग की संयुक्त टीम ने ट्रेन में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जीआरपी थाना झांसी की टीम में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल अमित तिवारी, कांस्टेबल भास्कर शुक्ला और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। अनुभागीय विशेष टीम में उपनिरीक्षक संदीप सिंह सेंगर, हेड कांस्टेबल मो. इमरान, कांस्टेबल सौरभ मिश्रा और कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल रहे। वहीं आरपीएफ क्राइम विंग झांसी की टीम में सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह शामिल रहे।
Location : Jhansi
Published : 18 August 2026, 7:22 PM IST