हिंदी
घायल युवक
Hamirpur: जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक के गोली लगने से घायल होने का मामला सामने आया है। शादी समारोह से घर लौट रहे युवक के साथ रास्ते में ऐसा हादसा हुआ जिसने परिवार को झकझोर दिया। अचानक चली गोली युवक के पेट में जा लगी। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मुस्करा थाना क्षेत्र के बंडवा गांव निवासी 32 वर्षीय अरविंद अपने भाइयों राजू और धर्मेंद्र के साथ कीरतपुरा गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। बुधवार रात तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पहले तो लोगों को समझ नहीं आया कि क्या हुआ। कुछ ही देर में अरविंद दर्द से तड़पने लगा।
बताया जा रहा है कि अरविंद ने अपनी कमर में एक लोडेड अवैध तमंचा खोंस रखा था। बाइक पर सफर के दौरान अचानक तमंचे से फायर हो गया और गोली सीधे उसके पेट में जा लगी। गोली लगते ही उसके भाई घबरा गए और तुरंत उसे मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक इलाज किया। चिकित्सक डॉ. संतोष राजपूत के अनुसार, गोली युवक के पेट के दाहिने हिस्से में लगी है। जांच के दौरान गोली का एंट्री पॉइंट मिला, लेकिन एग्जिट पॉइंट नहीं दिखा। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हमीरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआत में युवक के साथ आए लोगों ने घटना को लेकर साफ जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में पूरी बात सामने आई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध तमंचा युवक के पास कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई।
Location : Hamirpur
Published : 22 April 2026, 9:53 PM IST
Topics : crime news hamirpur news UP News Wedding Incident