हिंदी
सनसनीखेज सड़क हादसा,
गोरखपुर: जनपद में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चिलुआताल थाना क्षेत्र अंतर्गत तेज रफ्तार एसयूपी कार की टक्कर से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ज्ञानदीप त्रिपाठी (27 वर्ष), पुत्र सुरेश त्रिपाठी, निवासी राजेंद्र नगर भाट्टी विहार कॉलोनी, थाना गोरखनाथ के रूप में हुई है। ज्ञानदीप गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर से मोहरीपुर के रास्ते बस्ती की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजगावा व जगतबेला के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।
मौके पर अफरा-तफरी...
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरौली पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हालत गंभीर होने पर युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी देर रात मौत हो गई।
परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा
मृतक ज्ञानदीप पेशे से शादी-विवाह समारोह में कैमरा चलाने का कार्य करता था। उसके परिवार में पत्नी और करीब दो साल का मासूम बच्चा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में कोहराम मचा हुआ है।परिजनों ने चिलुआताल थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराए जाने के साथ-साथ दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : गोरखपुर
Published : 6 February 2026, 4:05 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News Road Accident UP News