हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Gorakhpur: गोरखपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गगहा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गगहा क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड के दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गब्बर उर्फ हेमंत पुत्र स्वर्गीय हरिश्चन्द्र निवासी हाटा बाजार थाना गगहा जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बाँसगांव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार घटना 1 अप्रैल 2026 की है। आपसी विवाद के दौरान पड़ोसियों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान वादी की भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था।
मामले में पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना गगहा में मुकदमा संख्या 143/2026 धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी सीताराम को 4 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। इसके बाद से दूसरे आरोपी गब्बर उर्फ हेमंत की तलाश लगातार जारी थी।
गगहा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज, उपनिरीक्षक अंकुर यादव, कांस्टेबल अमित यादव, विक्रम यादव, राजकुमार यादव, आनंद प्रधान, रिजर्व कांस्टेबल सूरज कुमार एवं मोहम्मद साहिल शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 7 May 2026, 5:33 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur Murder Case Second Accuse