हिंदी
सावन में अयोध्या का अद्भुत नजारा (सोर्स- डाइनामााइट न्यूज़)
Ayodhya: पवित्र सावन मास के दौरान उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक 35 लाख से अधिक भक्त अयोध्या धाम पहुंचकर रामलला के अलौकिक दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में 10 प्रतिशत से अधिक की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को ही एक लाख से ज्यादा भक्त रोजाना रामनगरी पहुंच रहे हैं।
सावन के प्रत्येक सोमवार को अयोध्या में भक्तों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है। प्रथम सोमवार को करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर दर्शन-पूजन किया था। इसके बाद दूसरे सोमवार को यह संख्या बढ़कर लगभग दोगुनी हो गई। इस दौरान करीब छह लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए और प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के साथ ही स्थानीय शिवालयों में जाकर जलाभिषेक भी किया।
सावन में सांपों का निकलना भगवान शिव का चमत्कार या कुछ और? जानिए आस्था के पीछे छिपे विज्ञान का सच
श्रद्धालुओं की इस अप्रत्याशित संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रमुख मंदिरों, घाटों और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा बलों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा और सुगमता के लिए जगह-जगह रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) शशांक त्रिपाठी खुद प्रशासनिक अमले के साथ रात के समय मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसके अलावा, भक्तों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा शिविर, स्वच्छता, अस्थायी शौचालय और रोशनी के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
मंदिर परिसर से जुड़े कुछेक विवादों का रामभक्तों की अगाध आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है। भक्तों का उत्साह और विश्वास पूरी तरह अडिग है। रामपथ और धर्मपथ जैसे प्रमुख मार्गों पर शिव भक्त 'बोल बम' के जयकारे लगाते हुए और रामभक्त भजन-कीर्तन करते नजर आ रहे हैं। सावन मेले के इस पावन माहौल में डीजे पर गूंजती धार्मिक धुनों पर नाचते-गाते हुए श्रद्धालुओं के जत्थे आगे बढ़ रहे हैं, जिससे पूरी रामनगरी भक्ति के रंग में सराबोर हो गई है।
Location : Ayodhya
Published : 14 August 2026, 8:53 AM IST