Sant Kabir Nagar: घर के पीछे गई बच्ची पर टूट पड़ा कुत्तों का झुंड, मौत से गांव में पसरा मातम

जिले के महुलिया खुर्द गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 11 June 2026, 3:53 PM IST
google-preferred

Sant Kabir Nagar: संतकबीरनगर जिले के महुलिया खुर्द गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

मदरसे से लौटने के बाद हुआ हादसा

गांव निवासी मुस्ताक की आठ वर्षीय पुत्री माहिरा खातून गांव के एक मदरसे में कक्षा चार की छात्रा थी। गुरुवार को वह रोज की तरह पढ़ाई कर घर लौटी थी। घर आने के बाद वह किसी काम से घर के पीछे पेड़-पौधों वाले इलाके में चली गई। उसके पीछे उसकी बड़ी बहन मंतशा भी गई थी।

Stray Dogs ने किया जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि बहन से कुछ दूरी पर मौजूद माहिरा पर अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला। बहन के शोर मचाने और लोगों के पहुंचने पर कुत्ते वहां से भाग निकले।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल माहिरा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर लेकर पहुंचे। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

गांव में दहशत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

माहिरा की असमय मौत से परिवार सदमे में है। गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Location :  Sant Kabir Nagar

Published :  11 June 2026, 3:53 PM IST

Related News

Advertisement