हिंदी
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अफसर (Image: Dynamite News)
Pratapgarh News: घर के बाहर खेल रहे बच्चों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल में खेल का मैदान मातम में बदल जाएगा। प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे ईश्वरनाथ गांव में शनिवार देर शाम लोहे के गेट पर झूलना दो बच्चों के लिए भारी पड़ गया। अचानक गेट के साथ पूरी दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसे में 6 साल के कार्तिक की मौत हो गई, जबकि 8 साल की बच्ची शिवान्या गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
मृतक कार्तिक (6) मान्धाता क्षेत्र के रहने वाले आशीष शर्मा का बेटा था। बताया गया कि उसके पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। कार्तिक को यूरिन से जुड़ी समस्या थी और उसका इलाज चल रहा था। इसी वजह से वह अपने फूफा बृजेंद्र शर्मा के घर पूरे ईश्वरनाथ आया हुआ था। शनिवार शाम कार्तिक घर के बाहर पड़ोस की 8 वर्षीय शिलान्या उर्फ शिवान्या पुत्री प्रदीप मिश्र के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोनों बच्चे घर के बाहर लगे लोहे के गेट पर झूलने लगे। बच्चों के झूलते ही अचानक भारी लोहे का गेट दीवार समेत नीचे आ गिरा।
गेट और दीवार गिरने से दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। किसी तरह मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवान्या की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। कार्तिक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। शहर कोतवाल सुभाष कुमार यादव और एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दीवार पर भारी लोहे का गेट लगाया गया था, लेकिन गेट को पर्याप्त सपोर्ट नहीं दिया गया था। बच्चों के झूलने के दौरान गेट पर दबाव पड़ा और दीवार समेत पूरा ढांचा गिर गया।
प्रतापगढ़ में लोहे के गेट से जुड़ा यह हादसा करीब एक सप्ताह में दूसरी दर्दनाक घटना है। इससे पहले शहर के मीरा भवन निवासी और भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र के घर के बाहर भी लोहे का गेट झूलते समय गिर गया था। उस घटना में भी एक बच्चे की भारी गेट की चपेट में आने से मौत हुई थी।
Location : Pratapgarh
Published : 3 October 2026, 9:33 PM IST