हिंदी
पदयात्रा शुरू
Meerut : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पश्चिमी यूपी की सियासत में राजनीतिक दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। 16 से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलने वाली ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के जरिए आम आदमी पार्टी ने पश्चिमी यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का बड़ा दांव चला है। मेरठ से शुरू हुई इस यात्रा में राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए युवाओं और पिछड़े वर्गों को साधने की कोशिश की।
जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट समेत अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर परिवारों को भी जोड़ लिया जाए तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर चोट पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं को रोजगार दिलाने, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लाने और रेडी-पटरी, ठेला चालकों व छोटे व्यापारियों की आवाज उठाने के लिए निकाली गई है।
संजय सिंह ने आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और बेरोजगार युवाओं से इस अभियान में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, काशी, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद समेत कई शहरों में हजारों गरीबों और छोटे व्यापारियों को उजाड़ा गया, लेकिन सरकार ने उनकी कोई मदद नहीं की।
मेरठ की महिलाओं का एक ही नारा- “हमारी भूल, कमल का फूल”…जानें क्यों आए ऐसे दिन?
उन्होंने सामाजिक भेदभाव के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि आज भी कई जगह दलितों को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जाता और मंदिरों में अपमानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान सभी को बराबरी और सम्मान का अधिकार देता है और आम आदमी पार्टी उसी अधिकार की लड़ाई लड़ रही है।
संजय सिंह ने महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज सोने की कीमत डेढ़ लाख रुपये प्रति तोला तक पहुंच गई है, जबकि 80 करोड़ लोग पांच किलो राशन पर जीवन गुजारने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग हजारों करोड़ रुपये लेकर विदेश भाग गए, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए करीब 44 लाख करोड़ रुपये वसूले, जबकि तेल कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता होने के बावजूद जनता को महंगा पेट्रोल-डीजल बेचा गया।
इस दौरान विधायक एवं यूपी सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, विधायक एवं यूपी सह प्रभारी अनिल झा, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, सभाजीत सिंह, दिनेश पटेल, जिलाध्यक्ष अकुंश चौधरी, प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा, वंशराज दुबे और जनक प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Meerut
Published : 16 May 2026, 8:25 PM IST