हिंदी
मुख्यमंत्री आवास घेरेंगें शिक्षक भर्ती अभ्यर्थी
Lucknow: शिक्षक भर्ती मामले में एक बार फिर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी लखनऊ में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर अपना विरोध जताएंगे। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण पर सरकार कोई पहल नहीं कर रही है। इसके कारण मामला लटकता जा रहा। उन्होंने कहा कि इसकी पहली सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में सितंबर 2024 में हुई थी, उसके बाद से लगातार तारीख पर तारीख मिल रही है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे धनंजय गुप्ता व सुशील कश्यप ने कहा कि प्रकरण के निस्तारण के लिए सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर नाराज अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ 18 मई को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
अभ्यर्थियों ने कहा कि इस मामले में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट, मुख्यमंत्री द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट और लखनऊ हाईकोर्ट डबल बेंच का फैसला सब हमारे पक्ष में है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि 19 मई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। सरकार को कोर्ट में अपना पक्ष रखना है। अगर 19 मई को सरकार अपना पक्ष स्पष्ट रख देती है तो मामले का निस्तारण जल्द हो जाएगा। इस मामले की सुनवाई न होने से हम अभ्यर्थी आहत हैं।
Location : Lucknow
Published : 16 May 2026, 8:59 PM IST