हिंदी
CCTV फुटेज बना नया सबूत
Ballia : Dynamite News Exclusive खबर है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में कोलकाता एसटीएफ द्वारा बलिया के आनंद नगर निवासी ठाकुर राज सिंह की गिरफ्तारी के मामले में सीसीटीवी फुटेज के अनुसार नया मोड़ आ गया है।
Dynamite News Exclusive : कोलकाता STF द्वारा चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में ठाकुर राज सिंह की गिरफ्तारी पर बड़ा सवाल। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक 6 मई की रात 8:23 बजे तक वह बलिया की दुकान में मौजूद था। परिजनों ने निर्दोष होने का दावा करते हुए जांच की मांग की है और सभी सीसीटीवी फुटेज… pic.twitter.com/eQOpQgDgZ5
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 16, 2026
सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि राज सिंह छह मई की रात करीब आठ बजे गुरुद्वारा रोड स्थित कला जोन की दुकान पर अपने एक साथी के साथ बुलेट से पहुंचता है और दुकान के अंदर करीब 8:04 बजे प्रवेश करता है। जहां दुकान के दूसरे तल पर जाकर कपड़ा नापता है। वह छोटा हो जाता है। इसके बाद वह वहीं पर काफी देर तक बैठता है। तत्पश्चात रात करीब 8:23 बजे दुकान से निकलकर बुलेट लेकर घर जाता है।
सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट होता है कि 6 मई की रात 8:23 तक राज सिंह कला जोन की दुकान में था। जिसे कला जोन के प्रोपराइटर रामकुमार मुन्ना ने भी कबूल किया है।
सवाल है कि जब राज सिंह 6 मई की रात 8:23 तक बलिया शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित कला जोन की दुकान में था तो फिर वह पश्चिम बंगाल के कोलकाता कैसे पहुंचा और मुख्यमंत्री के पीए की हत्या की घटना में कैसे शामिल हो गया। क्योंकि एयरपोर्ट पटना और वाराणसी में है। जहां पहुंचने के लिए कम से कम चार से पांच घंटे लगते हैं, जबकि कोलकाता की दूरी बलिया से करीब एक हजार किलोमीटर है। ऐसे में कई सवाल पश्चिम बंगाल पुलिस पर खड़े हो रहे हैं।
उधर राज सिंह की मां जामवंती सिंह बार-बार मीडिया के सामने कह रही हैं कि 6 मई की रात राज सिंह उनके साथ घर पर था। वह जोमैटो से सब्जी मंगाकर उन्हें पैसे देता है। यह सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और उन्हें अपने रामजी और हनुमान जी पर पूरा भरोसा है।
राज सिंह की मां ने कहा कि घर और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए। जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने विजय सिनेमा रोड स्थित ड्रेस लैंड, शहीद चौक स्थित बद्री प्रसाद छेदीलाल, गुरुद्वारा रोड स्थित कला जोन और पानी टंकी चौराहा स्थित मान्यवर शोरूम से कपड़े लिए थे। सीसीटीवी फुटेज के साथ सभी दस्तावेज सीबीआई को सौंप दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने उनके बेटे को अयोध्या से गिरफ्तार किया, जो समझ से परे है। परिजनों ने मांग की है कि सभी फुटेज की गहन जांच कर मामले में सच्चाई सामने लाई जाए और न्याय सुनिश्चित किया जाए।
Location : Ballia
Published : 16 May 2026, 8:53 PM IST