हिंदी
फर्जी आधार कार्ड से जमीन का खेल फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैनामा कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित अभिलेख तैयार कर दूसरे व्यक्ति की जमीन का बैनामा करा दिया था। मामले के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे धोखाधड़ी एवं जालसाजी विरोधी अभियान के तहत की गई। सहजनवां थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 390/2025 से संबंधित वांछित अभियुक्त चिन्तामणि मिश्रा पुत्र स्वर्गीय भागीरथी मिश्रा निवासी ग्राम भरोहिया, थाना सहजनवां, जनपद गोरखपुर को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी आधार कार्ड समेत अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के जरिए उसने आवेदक की जमीन को दूसरे व्यक्ति के नाम बैनामा करा दिया। जब पीड़ित को इस फर्जीवाड़े की जानकारी हुई तो उसने तत्काल सहजनवां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले, जिसके बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। शनिवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) एवं 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।
महराजगंज में अवैध खनन पर चला प्रशासन का एक्शन, सीओ सदर की छापेमारी में ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन से जुड़े मामलों में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि जमीन खरीदने या बैनामा कराने से पहले दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य कर लें इस कार्रवाई को सहजनवां पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मामला सामने नहीं आता तो पीड़ित अपनी पुश्तैनी जमीन से हाथ धो बैठता। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Location : गोरखपुर
Published : 16 May 2026, 7:41 PM IST
Topics : Gorakhpur News land scam Latest News Sahjanwa UP News