आप की मेरठ से गाजियाबाद तक पदयात्रा पर लगा ब्रेक? संजय सिंह बोले- प्रशासन अपना इंतजाम करे

मेरठ से गाजियाबाद तक निकलने वाली आम आदमी पार्टी की पदयात्रा पर प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। इसको लेकर राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रोजगार, सामाजिक न्याय और युवाओं के मुद्दों को लेकर 16 से 20 मई तक पदयात्रा हर हाल में निकाली जाएगी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 15 May 2026, 2:49 PM IST
google-preferred

Meerut : उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। सभी पार्टियां अपनी-अपनी तैयारी में जुट गई हैं। पार्टी के नेता रैली, जनसभा और बैठकें कर रहे हैं। यूपी की राजनीति में आम आदमी पार्टी अपनी पदयात्रा मुहिम के जरिए पैर जमाने में जुटी है। इस बीच आप की पदयात्रा पर संकट आ गया है। पांचवें चरण की पदयात्रा को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। यह पदयात्रा मेरठ से शुरू होकर गाजियाबाद तक होनी थी।

संजय सिंह ने लिखा

प्रशासन की तरफ से पदयात्रा की अनुमति न मिलने पर आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। संजय सिंह ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा, "BJP राज में पदयात्रा की भी अनुमति नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, अगर पहले चार चरणों की पदयात्रा में आपके प्रशासन को दिक्कत नहीं हुई फिर मेरठ से गाजियाबाद की पदयात्रा की अनुमति क्यों नहीं? 16 मई से 20 मई तक पदयात्रा होगी। प्रशासन अपना इंतजाम करे।"

समाज की आवाज उठाई जाएगी : संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि रोजगार, समान अवसर, संवैधानिक अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए एक निर्णायक लड़ाई है। इसमें युवाओं, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और वंचित समाज की आवाज उठाई जाएगी।

मेरठ कपसाड़ कांड : मेडिकल टेस्ट पर बड़ा मोड़, कोर्ट में कल क्या होने वाला है?

कमिश्नरी पार्क में होगी जनसभा: पंकज चौधरी

यूपी युवा मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि जनता से लगातार मिल रहा समर्थन दर्शाता है कि देश और प्रदेश की जनता अब रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष चाहती है। लेकिन पदयात्रा को प्रशासन की तरफ से अनुमति नहीं दी गई है। इस पदयात्रा को रोककर आम जनमानस की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी की तरफ से 16 मई को मेरठ के कमिश्नरी पार्क में आप यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनके नेतृत्व में पदयात्रा की शुरुआत होगी।

पदयात्रा का रूट

पहले दिन की पदयात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू होकर कचहरी के सामने हनुमान मंदिर, बच्चा पार्क, खैर नगर चौपला, छतरी वाला पीर, घंटाघर, डीएन कॉलेज और मेट्रो प्लाजा होते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे गणपति भवन तक पहुंचेगी। यहीं पहले दिन का समापन होगा। पूरी पदयात्रा के दौरान गांव-गांव, कस्बों और शहरों में जाकर जनता से सीधा संवाद किया जाएगा। इस दौरान युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित समाज की समस्याओं को सुना जाएगा। पदयात्रा का समापन 20 मई को गाजियाबाद में होगा, जहां संजय सिंह एक और जनसभा को संबोधित करेंगे।

Location :  Meerut

Published :  15 May 2026, 2:11 PM IST

Advertisement