हिंदी
समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता (Img : Google)
Noida : अवैध और असुरक्षित यूनिपोल विज्ञापन ढांचों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने गंभीर सुरक्षा खतरे का हवाला देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शहर में बिना मानकों और स्वीकृतियों के लगाए जा रहे ये यूनिपोल किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने नोएडा में बड़ी संख्या में लगाए जा रहे अवैध, असुरक्षित एवं अनधिकृत यूनिपोल विज्ञापन ढांचों को लेकर भारत सरकार के गृह मंत्री श्री अमित शाह को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि नोएडा में पिछले कई महीनों से विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में यूनिपोल लगाए जा रहे हैं। जिनमें से कई सुरक्षा मानकों, इंजीनियरिंग नियमों और आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियों की अनदेखी कर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन संरचनाओं से आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने अपने पत्र में 4 जून को फुटपाथ के निकट लगे एक यूनिपोल के गिरने की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस हादसे में एक टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह घटना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि ऐसे असुरक्षित ढांचे भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं।
सपा महानगर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एलिवेटेड रोड के आसपास तथा सेक्टर-75, 76, 51, 62, 34, 70 सहित कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में यूनिपोल लगाए गए हैं। इनमें से कई सार्वजनिक भूमि और नागरिक सुविधाओं के लिए निर्धारित स्थानों पर भी स्थापित किए गए हैं, जिससे आम लोगों को असुविधा हो रही है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि कई स्थानों पर यूनिपोल बेहद असुरक्षित तरीके से लगाए गए हैं, जिससे पैदल यात्रियों, वाहन चालकों और आसपास रहने वाले लोगों के जीवन पर लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विभागों द्वारा इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने गृह मंत्री से मांग की है कि नोएडा में लगे सभी यूनिपोलों का तकनीकी एवं संरचनात्मक ऑडिट कराया जाए। सभी अवैध एवं असुरक्षित विज्ञापन संरचनाओं को हटाया जाए तथा इनके निर्माण और अनुमति प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
साथ ही उन्होंने मांग की है कि जहां-जहां यूनिपोल गिरने या दुर्घटना की घटनाएं हुई हैं। वहां संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़े हादसों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, औद्योगिक विकास मंत्री, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों, पुलिस आयुक्त तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर को भी भेजी गई है।
Location : Noida
Published : 10 June 2026, 6:28 AM IST
Topics : Amit Shah noida news Samajwadi Party Unipole UP News