हिंदी
प्रतिकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के पहले ही दिन जेवर क्षेत्र के किसानों को एक विशेष सौगात मिलने जा रही है। एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले किसान 15 जून को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव करेंगे। इन किसानों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमान के जरिए लखनऊ ले जाया जाएगा, जहां उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होगी और उनके साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से नियमित उड़ान सेवाएं शुरू हो रही हैं। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार सुबह 8:05 बजे लखनऊ से पहली फ्लाइट नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान सुबह 8:35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होगा। इसी बीच किसानों के लिए एक विशेष व्यवस्था भी की गई है।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए एक विशेष उड़ान संचालित होगी। 180 सीटों वाले इस विमान में मुख्य रूप से उन किसानों को बैठाया जाएगा, जिन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी। यह पहल किसानों के योगदान के सम्मान के रूप में देखी जा रही है।
लखनऊ पहुंचने पर किसानों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा एयरपोर्ट परियोजना, क्षेत्र के विकास और किसानों के योगदान पर चर्चा किए जाने की संभावना है। गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी आधारभूत परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। इसके शुरू होने से न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बल्कि जेवर और आसपास के इलाकों में रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
Location : Noida
Published : 13 June 2026, 3:48 PM IST