चंदौली में गार्गी पटेल केस : सपा का बीजेपी पर बड़ा हमला, श्याम लाल पाल बोले- यूपी में गुंडाराज स्थापित

चंदौली में सपा नेत्री गार्गी पटेल से कथित मारपीट के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जिला अस्पताल पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में गुंडाराज स्थापित है और भाजपा के संरक्षण में विपक्षी कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 June 2026, 5:15 PM IST
google-preferred

Chandauli : सपा नेत्री गार्गी पटेल के साथ कथित मारपीट का मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। समाजवादी पार्टी ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने जिला अस्पताल पहुंचकर गार्गी पटेल का हालचाल जाना और इसके बाद भाजपा सरकार, कानून व्यवस्था और प्रदेश की राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पूरे प्रदेश में ऐसे लोगों को संरक्षण दे रखा है जो विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं।

सपा कार्यकर्ताओं पर कर रहे हमला : श्याम लाल पाल

मीडिया से बातचीत के दौरान श्याम लाल पाल ने कहा कि गार्गी पटेल के साथ हुई घटना कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में इसी तरह का माहौल बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के संरक्षण में कुछ लोग खुलेआम सपा कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंदौली में जिन लोगों पर आरोप लग रहे हैं, उनकी तस्वीरें भाजपा नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं और उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाने का काम भी किया गया है।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने हाल ही में अपराधों में कमी को लेकर पुलिस के दावों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश में सामाजिक अपराधों में एक प्रतिशत भी कमी नहीं आई है। उनके मुताबिक पूरे प्रदेश में गुंडाराज स्थापित हो चुका है और आम लोगों से लेकर विपक्षी कार्यकर्ताओं तक कोई सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा।

योगी सरकार पर भी साधा निशाना

श्याम लाल पाल ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में हालात ऐसे हैं कि लोग अपनी धार्मिक गतिविधियां भी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने गाजीपुर और कानपुर देहात के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि भजन-कीर्तन करने वाले लोग भी परेशान हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाएं हो सकती हैं, लेकिन भगवान के भजन के लिए अनुमति नहीं मिलती।

दोषी हुआ तो सपा नेता पर भी होगी कार्रवाई

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गार्गी पटेल को न्याय दिलाने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता संघर्ष करेगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में समाजवादी पार्टी का कोई नेता या कार्यकर्ता दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उसे पार्टी से निष्कासित भी किया जाएगा।

फिलहाल गार्गी पटेल प्रकरण को लेकर चंदौली की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह मामला प्रदेश की राजनीति में और बड़ा मुद्दा बन सकता है।

 

Location :  Chandauli

Published :  1 June 2026, 5:15 PM IST

Advertisement