हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Roorkee: रक्षाबंधन से ठीक पहले रुड़की में भाई-बहन के रिश्ते को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। जिन दो बहनों के घर रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं, उन्हीं की उनके भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बड़ी बहन को निशाना बनाया और करीब 20 मिनट बाद दूसरी बहन के घर पहुंचकर उसे भी गोली मार दी। इस दौरान दूसरी बहन का पति भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने देर रात फरार आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम आरोपी भाई पहले प्रीत विहार में रहने वाली संगीता उर्फ शकुंतला (50) के पास पहुंचा। करीब 7:20 बजे संगीता घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड से ई-रिक्शा में जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर गोली चला दी।
गोली पेट में लगने से संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर करीब दो किलोमीटर दूर सुभाषनगर पहुंचा।
करीब 20 मिनट बाद आरोपी अपनी दूसरी बहन पुष्पा (42) के घर पहुंचा। जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर भी गोली चला दी। गोली लगने से पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर पुष्पा के पति संदीप बाहर आए। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें भी गोली मार दी। गोली उनके कंधे में लगी, जिसके बाद वह घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल बहनों को सिविल अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने संगीता और पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल संदीप का उपचार चल रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ घटनास्थलों पर पहुंचे। सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी घटनास्थलों का निरीक्षण किया।
सोने-चांदी की तेजी पर लगा ब्रेक: दिल्ली से पटना तक गिरे दाम, जानिए 10 प्रमुख शहरों के नए रेट
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाई द्वारा दोनों बहनों को गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
फरार आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर उसने अपनी दोनों बहनों पर गोली क्यों चलाई। रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
Location : Roorkee
Published : 26 August 2026, 8:40 AM IST
Topics : crime news Raksha Bandhan Roorkee News