हिंदी
झपटमारी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार (Image: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना पुलिस ने झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से झपटमारी की रकम, मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक अवैध पिस्टल के साथ जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की शाम छितौनी निवासी पवन कुमार अपनी इलेक्ट्रॉनिक दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भड़सर पुल के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उनसे नगदी और मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़ित की तहरीर पर 24 अगस्त को बनकटा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 25 अगस्त को सुंदरपार जाने वाले मार्ग के तिराहे के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन यादव, संजय कुमार और विशाल कुमार भारती के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी के कुल 3650 रुपये, पीड़ित का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा राजन यादव के पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
Deoria News: मझौलीराज में झंडे को लेकर मचा बवाल, नीचे बनी थी AK-47 की तस्वीर; पुलिस ने 3 को दबोचा
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार ने बताया कि झपटमारी की घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से छीने गए रुपये, वादी का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक अवैध पिस्टल मय कारतूस बरामद हुआ है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बनकटा थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 25 August 2026, 9:06 PM IST