हिंदी
अस्पताल में एडमिट पीड़ित (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को एक बड़ी वारदात हुई है। एक आभूषण कारोबारी को बदमाशों ने बीच रास्ते में रोककर बेरहमी से पीट दिया और लाखों रुपये के जेवरात समेत बाइक लूटकर फरार हो गए।
दुकान बंद करके घर लौटते वक्त हुई वारदात
लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रंजीत सोनी (35) ग्राम पंचायत मानिक तालाब के धनहिया चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह वह गुरुवार शाम करीब सात बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मल्हनी फुलवरिया के पास जंगल क्षेत्र में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी बाइक पर सवार थे। पूरी तरह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
डंडों से हमला कर किया लहूलुहान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने अचानक व्यापारी पर हमला बोल दिया। डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे रंजीत सोनी सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात और बाइक लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग तुरंत कुछ समझ नहीं पाए।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों में घटना के बाद भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बदमाशों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस का बयान
चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी के साथ लूट और मारपीट की सूचना मिली है। व्यापारी ने जेवरात और बाइक लूटने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 14 May 2026, 10:10 PM IST
Topics : Crime in Maharajganj crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police UP Police