हिंदी
बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अचानक पलट गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया।
घायल यात्री (Image Source: DN Reporter)
Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। यह दुर्घटना लोनी कटरा थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग सीटों के बीच फंस गए। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से मधुबनी (बिहार) जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही लोनी कटरा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
बाराबंकी में बंद रसोई से आई सन्न कर देने वाली सच्चाई! खून से सनी मिली मां, बेटा रहस्यमयी ढंग से गायब
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस सड़क पर पलटी होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाया गया और यातायात को फिर से सामान्य कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहत कार्य के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार देने के साथ-साथ उनकी पहचान भी की गई और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हादसे में घायल यात्रियों में दयानंद पासवान, रूपा देवी, ईशा, आरव कुमार, मयंक कुमार, निशा चौधरी, अशोक कुमार, गुड़िया देवी, लकी कुमार, रोशन कुमार और संतोष सहित कई अन्य यात्री शामिल हैं। ये सभी बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं जो दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे।
बाराबंकी में सरकार पर चंद्रशेखर आजाद का हमला, बोले- बहुजन समाज को जागना होगा!
स्थानीय प्रशासन के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिन यात्रियों की हालत गंभीर है, उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर करने की तैयारी भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि 'प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी'।