हिंदी
मौके पर पुलिस जांच करती पुलिस (Img: Dynamite News)
Barabanki: सफदरगंज इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे गांव को दहला दिया है। केवलापुर गांव में 62 साल की महिला का शव उनके ही घर की रसोई में संदिग्ध हालात में मिला। इस घटना के बाद से उनका इकलौता बेटा अचानक लापता हो गया।
खून से सनी हालत में मिली लाश और बेटे की गुमशुदगी ने इस मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। पुलिस अब हर एंगल से जांच में जुटी है और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मृतका की पहचान शिव प्यारी के रूप में हुई है। उनके पति कन्हैयालाल के मुताबिक, शिव प्यारी रोज की तरह रात में रसोई में ही सोई थीं। सुबह जब वह उठे तो किचन का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पहले तो उन्होंने सोचा कि वह सो रही होंगी लेकिन जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। बाद में जब दरवाजा खुला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शिव प्यारी जमीन पर मृत पड़ी थीं।
परिवार वालों के अनुसार, महिला के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। जिससे मौत पर संदेह और गहरा गया है। उनकी बेटी ने बताया कि एक दिन पहले ही मां खेत से काम करके लौटी थीं और बिल्कुल सामान्य थीं। ऐसे में अचानक इस तरह की मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
कन्हैयालाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी टीबी से पीड़ित थीं और उनके इलाज के लिए परिवार ने करीब 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था। इस बात को लेकर उनका बेटा संजय अक्सर नाराज रहता था। घटना के बाद से संजय घर से गायब है, जिससे पुलिस और ग्रामीणों का शक उसी पर जा रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात नहीं कही है।
Barabanki News: बाराबंकी में टेंट व्यवसायी ने लाइसेंसी पिस्टल से की आत्महत्या, इलाके में सनसनी
थाना प्रभारी निरीक्षक अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जिसमें पारिवारिक विवाद और अन्य संभावनाएं भी शामिल हैं।
इस घटना के बाद केवलापुर गांव में डर और शक का माहौल है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कहीं इसे हत्या बताया जा रहा है तो कहीं बीमारी से मौत की आशंका जताई जा रही है। लेकिन बेटे के गायब होने से मामला और उलझता नजर आ रहा है।
Location : Barabanki
Published : 2 April 2026, 1:53 PM IST