बदायूं में दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, पिता-पुत्र की मौत

बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों संभल जिले के निवासी थे और रिश्तेदारी से लौट रहे थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 March 2026, 4:11 AM IST
google-preferred

Badaun News: बदायूं से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आमने-सामने से आ रही दो बाइकों की जोरदार टक्कर में पिता और पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने संभलने का मौका तक नहीं पाया।

यह हादसा थाना उघैती क्षेत्र के कनपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक बाइक से रिश्तेदारी से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बदायूं ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतकों की पहचान गेंदन लाल (55) और उनके पुत्र शेर सिंह (20) के रूप में हुई है। दोनों थाना कूड़, जिला संभल के गुड़ फेहगढ़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पिता-पुत्र के एक साथ दुनिया छोड़ जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों के मोबाइल फोन से उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। जैसे ही खबर गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदायूं जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल बेहद गमगीन नजर आया।

क्षेत्र में शोक की लहर

एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से रिश्तेदारों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र किसी रिश्तेदारी से लौट रहे थे और घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, हादसे से जुड़ी और जानकारी सामने आ सकती है। एक पल की लापरवाही ने दो जिंदगियां लील लीं और पीछे छोड़ गया आंसुओं का समंदर।

Location : 
  • Badaun

Published : 
  • 3 March 2026, 4:11 AM IST

Advertisement
Advertisement