हिंदी
वारदात के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात (IMG: Social Media)
Pratapgarh: कोहंडौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मदाफरपुर बाजार में एक रिटायर्ड फौजी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही साले पर सरेआम गोलियों से भून दिया। दस गोलियां लगने से वह लहुलुहान हो गया। पुलिस चौकी के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घायल युवक की पहचान देवेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो मदाफरपुर बाजार में ही एक मेडिकल स्टोर का संचालन करता है। बताया जाता है कि देवेंद्र का उसके फौजी जीजा कपिल यादव के साथ काफी समय से कोई पारिवारिक विवाद चल रहा था। मंगलवार को आरोपी जीजा कपिल यादव अचानक मदाफरपुर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुँचा और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई और देखते ही देखते गुस्साए रिटायर्ड फौजी कपिल ने अपनी पिस्टल निकालकर देवेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे देवेंद्र को लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। बताया जाता है कि इस दौरान करीब दस गोलियां देवेन्द्र को मारी गई।
बाजार में सरेआम गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फौजी मौके से भागने की फिराक में था। हालांकि, बाजार के स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने साहस दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर कोहंडौर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से आरोपी जीजा को हिरासत में ले लिया
घटना के संबंध में कोहंडौर थाना प्रभारी अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि युवक को गोली लगी है और उसकी हालत काफी गंभीर है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से हथियार बरामद कर लिया है। वारदात के पीछे प्राथमिक वजह पारिवारिक और घरेलू कलह सामने आ रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही।
Location : Pratapgarh
Published : 18 August 2026, 2:45 PM IST