राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए रामगोविंद चौधरी, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

बलिया के गोसाईपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र रंजीत चौधरी ने मुखाग्नि दी। पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समर्थक, ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न दलों के नेता पहुंचे।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 September 2026, 6:29 PM IST
google-preferred

Ballia: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके पैतृक गांव सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके इकलौते पुत्र रंजीत चौधरी ने मुखाग्नि दी। पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय ध्वज अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

रामगोविंद चौधरी के अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही गोसाईपुर में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे-जैसे अंतिम संस्कार का समय करीब आया, गांव की गलियां और आसपास की सड़कें समर्थकों, ग्रामीणों और आम लोगों से भर गईं। बलिया के अलावा आसपास के जिलों और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे।

अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

रामगोविंद चौधरी के निधन की खबर के बाद से ही गोसाईपुर में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। गांव में जगह-जगह लोगों की भीड़ दिखाई दी। अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोगों में भावुकता साफ दिखाई दी। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद करते हुए नारे लगाए। 'जब तक सूरज चांद रहेगा, रामगोविंद का नाम रहेगा' और 'रामगोविंद चौधरी अमर रहें' जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

सपा के दिग्गज नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का निधन, पार्टी में शोक की लहर

बेटे रंजीत चौधरी ने दी मुखाग्नि

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय ध्वज अर्पित कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनके इकलौते पुत्र रंजीत चौधरी ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार की रस्म पूरी होने के साथ ही रामगोविंद चौधरी पंचतत्व में विलीन हो गए। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक मौजूद रहे।

कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि पहुंचे

रामगोविंद चौधरी के अंतिम संस्कार में समाजवादी पार्टी के साथ ही विभिन्न दलों के नेता और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। सभी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद, सांसद रमाशंकर राजभर, विधायक मु. रिजवी, जयप्रकाश अंचल, संग्राम सिंह यादव, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, अंबिका चौधरी, राजधारी, सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा राजभर और एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू समेत कई नेता मौजूद रहे।

Ram Govind Chaudhary Death: छात्र आंदोलन से सत्ता के शिखर तक, यूं बनी रामगोविंद चौधरी की अलग पहचान

इसके अलावा सपा जिलाध्यक्ष सुनील मौर्य, कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक, पूर्व विधायक भगवान पाठक, संजय यादव, शिवशंकर चौहान, नीरज सिंह गुड्डू, यशपाल सिंह, चंद्रशेखर सिंह, सुशील पांडेय कान्ह जी, पारस यादव, उदय प्रताप सिंह, कमलेश सिंह, श्याम बहादुर सिंह और पूर्व प्रमुख अनिल सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम

अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। रामगोविंद चौधरी के अंतिम संस्कार के दौरान पूरे गांव का माहौल गमगीन रहा। समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके निधन को समाजवादी राजनीति और जमीनी स्तर पर सक्रिय राजनीतिक जीवन के लिए क्षति बताया।

Location :  Ballia

Published :  27 September 2026, 6:29 PM IST

Related News

Advertisement