‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर राकेश टिकैत का बयान, आखिर किस ओर है इशारा?

मुजफ्फरनगर में भाकियू नेता राकेश टिकैत ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को युवाओं के गुस्से और बेरोजगारी का प्रतीक बताया। उन्होंने सरकार पर रोजगार, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए और बड़े जनआंदोलन की चेतावनी दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 May 2026, 9:32 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सोशल मीडिया पर चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। टिकैत ने कहा कि यह कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि देश के बेरोजगार और निराश युवाओं के भीतर बढ़ रहे गुस्से और असंतोष का प्रतीक बनकर सामने आई है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है।

युवाओं की नाराज़गी को बताया बड़ा खतरा

राकेश टिकैत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब युवाओं को रोजगार नहीं मिलता और भविष्य सुरक्षित नजर नहीं आता तो उनके भीतर नाराज़गी बढ़ती है। यही नाराज़गी अब सोशल मीडिया और व्यंग्य के जरिए बाहर आ रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, महंगाई और अनिश्चित भविष्य से परेशान है और उसकी आवाज को गंभीरता से सुनने की जरूरत है।

टिकैत ने कहा कि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को रोजगार और बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले समय में युवाओं का असंतोष बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

जनसंख्या और बुनियादी सुविधाओं पर उठाए सवाल

भाकियू नेता ने बढ़ती जनसंख्या के मुद्दे पर भी सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर गंभीरता से काम करना होगा।

टिकैत ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि बिजली, पानी, अस्पताल और रोजगार जैसी मूलभूत जरूरतों की अनदेखी करना सरकार के लिए भारी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को व्यवस्था से उम्मीद नहीं मिलती, तब वे विरोध के नए तरीके तलाशते हैं और यही चीज अब सोशल मीडिया पर दिखाई दे रही है।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को बताया विरोध का प्रतीक

राकेश टिकैत के मुताबिक कॉकरोच जनता पार्टी दरअसल उन युवाओं की आवाज है, जो खुद को सिस्टम से उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नाम भले ही मजाकिया लगे, लेकिन इसके पीछे युवाओं की गंभीर नाराज़गी छिपी हुई है। टिकैत ने कहा कि सरकार को युवाओं के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। वरना यही असंतोष आगे चलकर बड़ा राजनीतिक रूप ले सकता है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  22 May 2026, 9:32 PM IST

Related News

Advertisement