हिंदी
दिल्ली में किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी (Image Source: Dynamite News)
Kanpur: दिल्ली किसान आंदोलन के दौरान हुए समझौते और अपनी लंबित मांगों को लेकर किसानों ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर शुक्रवार को कानपुर मंडल के संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसानों ने फूलबाग से आयुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। किसानों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए सरकार को उसके पुराने वादे याद दिलाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिल्ली में बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस दौरान किसान नेता ने सपा-पीडीए के घोषणापत्र पर भी प्रतिक्रिया दी।
भाकियू के आह्वान पर कानपुर मंडल से आए किसान नेता और बड़ी संख्या में किसान फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा के पास एकत्र हुए। यहां से अपनी मांगों को लेकर किसानों ने आयुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। किसानों के प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
Special Session of Parliament: लोकसभा सीटें, जनगणना और परिसीमन; देश की सियासत में होगा बड़ा बदलाव?
आयुक्त कार्यालय पहुंचे किसानों ने अपर आयुक्त प्रशासन रेनू सिंह को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने राष्ट्रव्यापी मांगों के साथ कानपुर मंडल के छह जिलों से जुड़ी मांगों को भी उठाया। इस दौरान भाकियू के फर्रुखाबाद जिलाध्यक्ष अजय कटियार भी मौजूद रहे।
भाकियू के कानपुर मंडल अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने कहा कि दिल्ली में हुए किसान आंदोलन के दौरान सरकार के साथ जो समझौता हुआ था, उसका अब तक क्रियान्वयन नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादों को भूल गई है। संयुक्त किसान मोर्चा के साथ मिलकर सरकार को उन्हीं वादों की याद दिलाने के लिए आयुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया है।
रवि प्रताप सिंह ने कहा कि अगर इसके बाद भी किसानों की मांगें पूरी नहीं होती हैं तो दिल्ली में बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने डीएपी की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि डीएपी गायब है और निजी दुकानों पर इसे महंगे दामों में बेचा जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने आलू के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग भी की।
अपर आयुक्त प्रशासन रेनू सिंह ने कहा कि किसानों की राष्ट्रव्यापी मांगों को उचित माध्यम से राष्ट्रपति तक भेजा जाएगा। वहीं, कानपुर मंडल के छह जिलों से संबंधित मांगों को मंडलायुक्त तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में जिलाध्यक्षों से बातचीत भी होगी।
सपा-पीडीए के घोषणापत्र को लेकर भी किसान नेता रवि प्रताप सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए राजनीतिक दल इस तरह के वादे करते रहते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें भूल जाते हैं।
रवि प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार बनने के बाद घोषणापत्र में किए गए वादों को अंजाम तक पहुंचाया जाए, तभी उनकी अहमियत पता चलेगी। किसान नेता ने घोषणापत्र में किए गए वादों को धरातल पर उतारने की बात कही।
Location : Kanpur
Published : 27 November 2026, 1:58 PM IST